इन पीएसी वाहिनियों में होगा दौड़ परीक्षा का आयोजन
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने संबंधित पीएसी वाहिनियों को दौड़ परीक्षा का आयोजन करने के लिए सभी इंतजाम दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है। बता दें कि दौड़ परीक्षा 45वीं वाहिनी अलीगढ़, 12वीं वाहिनी फतेहपुर, आठवीं वाहिनी बरेली, नौवीं वाहिनी मुरादाबाद, 26वीं वाहिनी गोरखपुर, 37वीं वाहिनी कानपुर, 33वीं वाहिनी झांसी, 35वीं वाहिनी लखनऊ, छठवीं वाहिनी मेरठ, 47वीं वाहिनी गाजियाबाद, 20वीं वाहिनी आजमगढ़ और 39वीं वाहिनी मिर्जापुर में कराया जाना प्रस्तावित है। बोर्ड ने इन वाहिनियों के सेनानायकों को निर्देश दिया है कि वह दौड़ के लिए ट्रैक, संसाधन, जनशक्ति, सुरक्षा, फर्नीचर, एम्बुलेंस, परीक्षा दल और संबंधित स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती के लिए दौड़ बोर्ड द्वारा गठित समिति के द्वारा कराई जाएगी। समिति में एक उप जिलाधिकारी, एक चिकित्साधिकारी और एक पुलिस उपाधीक्षक शामिल होंगे। समिति के सदस्य डीएम, मुख्य चिकित्साधिकारी व पुलिस कमिश्नर एसएसपी/एसपी द्वारा नामित होंगे।दौड़ के सफल व असफल अभ्यर्थियों की सूची समिति के सदस्यों के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपने ई-आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस व मूल आधार कार्ड के साथ उपस्थित होना होगा।
UP Police Constable Physical Test: परीक्षा प्रक्रिया
इस भर्ती प्रक्रिया में हर दिन 12,000 से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में भाग लेंगे। पुरुष अभ्यर्थियों को 25 मिनट में 4.8 किमी और महिला अभ्यर्थियों को 14 मिनट में 2.4 किमी दौड़ पूरी करनी होगी। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आईडी (RFID) का उपयोग किया जाएगा, ताकि दौड़ का सटीक समय रिकॉर्ड किया जा सके। इसके अलावा, ट्रैक पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर नजर रखी जा सके।