UP Board 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियों के लिए 4 फरवरी 2028 को शाम 4 बजे मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की। बैठक में अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा, शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में परीक्षा को नकल-मुक्त कराने के प्रयासों और वर्ष 2028 में लागू की जाने वाली नई व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर की जांच, प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में कराने, जनपदीय कंट्रोल रूम में अधिकारियों की तैनाती और शिकायतों के लिए सक्रिय फोन और ई-मेल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा की सुरक्षा और छात्रों के हित में सख्त दिशा-निर्देश
अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को कहा कि वे परीक्षा से पहले सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक करें, तैयारियों की जांच करें और उन्हें जरूरी प्रशिक्षण दें। साथ ही नागरिकों, अभिभावकों और मीडिया को भी अभियान में शामिल करके यह संदेश फैलाया जाए कि सभी व्यवस्था छात्रों के हित में हो और परीक्षार्थियों पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों के स्ट्रांग रूम में सुरक्षा और पर्याप्त रोशनी हो, रात में रैण्डम चेकिंग की जाए और संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी हो। परीक्षा केंद्रों पर जरूरत के अनुसार सशस्त्र बल तैनात किए जाएं, स्थायी मजिस्ट्रेट हों, बिजली बाधित न हो और आसपास की फोटो कापियर दुकानों पर रोक लगाई जाए।
अपर मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि STF/LIU के जरिए संवेदनशील केंद्रों की खास निगरानी की जाए। क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष लगातार पेट्रोलिंग करें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रश्नपत्र लीक करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।