मुश्किल समय के लिए रहें तैयार
कठिन वक्त में, किसी व्यवसाय के पास पर्याप्त नकदी (तरलता) का होना बेहद जरूरी है। यह मुश्किल समय में न सिर्फ काम आती है, बल्कि नए अवसरों को हासिल करने में भी मदद करती है। ऐसे किसी भी समय के लिए तैयार रहने के लिए आपको अपनी नकदी आवश्यकताओं का बेहतर पूर्वानुमान लगाने और धन का बेहद सावधानी से इस्तेमाल करने की जरूरत होगी। इसके लिए बिलों का भुगतान तभी करें, जब ऐसा करना जरूरी हो। इसके अलावा, बाजार में फंसे बिलों को कुशलतापूर्वक वसूलें और अतिरिक्त खचों को समझदारी से कम करें।
बिक्री और मार्केटिंग को मजबूत करें
आपको अपनी बिक्री और मार्केटिंग को मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए नए ग्राहक जोड़ने और मौजूदा ग्राहकों को बनाए रखने के लिए बेहतर कार्यक्रम शुरू करने पर जोर देना चाहिए। मार्केटिंग में आंख मूंदकर कटौती करने के बजाय सावधानीपूर्वक विश्लेषण करना चाहिए कि कौन-सी मार्केटिंग गतिविधियां सबसे प्रभावी हैं और अपने खर्च को उन क्षेत्रों में स्थानांतरित करें। ऐसा कोई भी प्रयास मंदी के बाजार में भी आपके स्टार्टअप को आगे बढ़ा सकता है। यदि आप इस कार्यवाही को अपनाते हैं, तो आप निश्चित रूप से अपने प्रतिस्पर्धियों से आगे रहेंगे।
मुनाफे वाले ग्राहकों को पहचानें
आपको यह पता लगाना होगा कि मुनाफा देने वाले ग्राहक और बाजार कौन हैं तथा उन पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित करना होगा। भले ही स्टार्टअप की वित्तीय रिपोर्ट आपको यह न दिखाए कि कौन-से ग्राहक सबसे अधिक लाभदायक हैं, लेकिन ये वही ग्राहक होते हैं जिनसे जुड़े रहने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी चाहिए, खासकर जब समय कठिन हो।