फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SSC Protest: एसएससी परीक्षाओं को लेकर क्यों हो रहा विरोध प्रदर्शन, क्या हैं मांगें?; यहां जानें सबकुछ

Sat, 02 Aug 2025 03:29 PM IST
शिवम गर्ग जॉब्स डेस्क, अमर उजाला

सार

SSC Protest 2025: एसएससी पोस्ट फेज-13 परीक्षा में तकनीकी खामियों, परीक्षा केंद्रों की अव्यवस्था और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर अभ्यर्थी सड़कों पर हैं। नीचे पढ़ें क्या है छात्रों की मांगें और विरोध की पूरी वजह...
विज्ञापन
SSC Protest (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

SSC Protest 2025: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की सेलेक्शन पोस्ट फेज-13 भर्ती परीक्षा में आई तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियों के खिलाफ देशभर के अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर लखनऊ, पटना और जयपुर तक छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग उठाई है।

परीक्षा में क्या-क्या गड़बड़ियां हुईं?

एसएससी पोस्ट फेज-13 परीक्षा 24 जुलाई से 1 अगस्त 2025 तक आयोजित होनी थी, लेकिन इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं। परीक्षार्थियों का कहना है कि कई स्थानों पर परीक्षा बिना पूर्व सूचना के अचानक रद्द कर दी गई, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ा। परीक्षा के दौरान सर्वर बार-बार क्रैश होता रहा, कंप्यूटर सिस्टम काम नहीं कर रहे थे और कई जगहों पर माउस तक ठीक से नहीं चल रहे थे।
विज्ञापन


कुछ अभ्यर्थियों को 500 से 600 किलोमीटर दूर के परीक्षा केंद्र दिए गए। उनका आरोप है कि परीक्षा के सवाल भी हर दिन एक जैसे आ रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने दावा किया कि हर दिन वही प्रश्न पत्र रिपीट हो रहा था, जिससे पेपर लीक और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

अभ्यर्थियों ने परीक्षा कराने वाले एडुक्विटी वेंडर पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के पास टेंडर था, जो अब दूसरी कंपनी को दिया गया है। प्रदर्शन में शामिल दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष रौनक खत्री ने कहा कि परीक्षा का वेंडर काली सूची में शामिल कंपनी को दिया गया है।

जब छात्रों ने इन गड़बड़ियों के खिलाफ शांतिपूर्वक जंतर-मंतर और CGO कॉम्प्लेक्स के बाहर प्रदर्शन किया, तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इससे अभ्यर्थियों में और भी रोष फैल गया और वे अब परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारी क्या कह रहे हैं?

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे परीक्षार्थियों और शिक्षकों ने एसएससी और परीक्षा संचालक एडुक्विटी वेंडर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक अभ्यर्थी ने बताया कि परीक्षा केंद्र कर्नाटक दे दिया गया, जबकि हमने कानपुर चुना था। वहां पहुंचकर पता चला कि परीक्षा रद्द हो गई। कंप्यूटर माउस काम नहीं कर रहे थे और जब सवाल उठाए तो बाउंसर बुला लिए गए।
विज्ञापन

छात्रों की प्रमुख मांगें

  • परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
  • परीक्षा वेंडर की समीक्षा और पुनः चयन हो।
  • रद्द की गई परीक्षाओं को फिर से आयोजित किया जाए।
  • दोषियों पर कार्रवाई हो।
  • पुलिस लाठीचार्ज की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

सोशल मीडिया पर मिला समर्थन

इस मुद्दे ने एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी जोर पकड़ लिया है। #SSCSystemSudharo, #SSCMisManagement और #SSCVendorFailure जैसे हैशटैग्स ट्रेंड कर रहे हैं। हजारों छात्रों और कोचिंग संस्थानों ने इन मांगों को समर्थन दिया है। एनएसयूआई अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा कि यह सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी नहीं है, बल्कि युवाओं को चुप कराने की कोशिश है। अगर सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन देशभर में फैलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें