कर्मचारी चयन आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), एसएसएफ, असम राइफल्स और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में कांस्टेबल/राइफलमैन पदों के लिए जीडी कांस्टेबल परीक्षा 2025 का आयोजन 4 फरवरी से 25 फरवरी 2025 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के रूप में किया। इस परीक्षा का परिणाम 17 जून 2025 को घोषित किया गया, जिसमें कुल 3,94,121 उम्मीदवारों (महिला-40,213 और पुरुष-3,53,908) को अगले चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)/ शारीरिक मानक परीक्षा (PST) में शामिल होने के लिए चयनित किया गया।
संबंधित CAPF ने 20 अगस्त से 15 सितंबर 2025 तक PET/PST आयोजित किया, जिसका परिणाम 13 अक्तूबर 2025 को आया। इसमें 95,575 उम्मीदवारों को विस्तृत चिकित्सा परीक्षा (DME), दस्तावेज सत्यापन (DV) और समीक्षा चिकित्सा परीक्षा (RME) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। अंतिम चयन प्रक्रिया के बाद इन उम्मीदवारों को कुल 53,690 रिक्तियों के लिए विभिन्न बलों में आवंटन पर विचार किया गया।
इतने अभ्यर्थियों को हुआ चयन
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जीडी कांस्टेबल पदों के लिए कुल 48,113 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनमें 4,817 महिला और 43,296 पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। इन उम्मीदवारों को विभिन्न बलों में नियुक्ति के लिए अस्थायी रूप से चयनित किया गया है। यह भर्ती प्रक्रिया कुल 53,690 पदों को भरने के लिए आयोजित की गई थी।