इन पदों पर मिलती है नौकरी
एसएससी सीजीएल परीक्षा देशभर के लाखों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक प्रमुख माध्यम मानी जाती है। इस भर्ती के जरिए असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, ऑडिटर, टैक्स असिस्टेंट और जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर जैसे कई अहम पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं।
चयनित उम्मीदवारों को सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स (CBDT), सेंट्रल बोर्ड ऑफ इंडायरेक्ट टैक्स एंड कस्टम्स (CBIC) और भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) जैसे प्रमुख विभागों में काम करने का अवसर मिलता है।
एसएससी सीजीएल में कैसे होता है सिलेक्शन?
एसएससी सीजीएल 2026 की चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय होगी, जिसमें सबसे पहले टियर-1 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद टियर-2 मुख्य परीक्षा होगी, जो अंतिम मेरिट तय करेगी। कुछ पदों के लिए स्किल टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा। पूरी परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी और आवेदन प्रक्रिया भी ऑनलाइन ही होगी।
एसएससी सीजीएल के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। हालांकि, जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर जैसे कुछ पदों के लिए गणित या सांख्यिकी विषय में विशेष योग्यता भी मांगी जाएगी। आयु सीमा सामान्यतः 18 से 32 वर्ष के बीच रखी जाती है, जिसमें आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उम्मीदवार एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उसे डाउनलोड कर सकेंगे और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि नोटिफिकेशन जारी होते ही समय पर आवेदन कर सकें।