पीएम मोदी ने वर्चुअली 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए
- फोटो : YT (@Narendra Modi)
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र वितरण वर्चुअली किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिए अपने संबोधन में पीएम ने सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर अपनी सरकार के फोकस पर जोर दिया और कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की है।
51,000 से ज्यादा नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद वर्चुअल संबोधन में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। चाहे वह गरीबों के लिए 4 करोड़ से ज्यादा घर बनाना हो, 10 करोड़ से ज्यादा नए एलपीजी कनेक्शन वितरित करना हो या रूफटॉप सोलर कार्यक्रम हो।
25 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर निकाला: पीएम मोदी
पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर उनके लिए रोजगार और आय के स्रोत नहीं पैदा होते तो ऐसा नहीं हो पाता। उन्होंने आगे कहा कि इन गरीब लोगों का जीवन पहले मुश्किल था और उन्हें मौत का डर सताता था, लेकिन वे इतने मजबूत हो गए कि उन्होंने गरीबी को हरा दिया।
मिशन मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा
मोदी ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने पर उनकी सरकार का ध्यान रंग लाया है। बीते वर्षों में मेक इन इंडिया अभियान को मजबूती दी गई। सिर्फ पीएलआई योजना से देश में 11 लाख से अधिक रोजगार बने हैं। उन्होंने कहा कि 11 वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग पांच गुना से ज्यादा बढ़ गया है।
मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में लाखों युवाओं को रोजगार
पीएम ने कहा कि पहले देश में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग की सिर्फ दो या चार यूनिट थीं, अब इन इकाइयों की संख्या अब लगभग 300 है जिनमें लाखों युवा काम कर रहे हैं। मोदी ने यह भी बताया कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष के बजट में मिशन मैन्युफैक्चरिंग की घोषणा की गई।
उन्होंने पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान भारत की स्वदेशी सैन्य क्षमता का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद रक्षा निर्माण पर गर्व से चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन का मूल्य 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
अपने हालिया पांच देशों के दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया अब भारत की जनसांख्यिकी और लोकतंत्र की ताकत को पहचानती है। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की ताकत इसकी सबसे बड़ी पूंजी है और देश के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है।
अब तक 10 लाख से ज्यादा नियुक्ति पत्र जारी हो चुके
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि रोजगार मेला युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके तहत अब तक 10 लाख से ज्यादा भर्ती पत्र जारी किए जा चुके हैं।