NDA Selection Process: एनडीए में चयन प्रक्रिया
एनडीए में चयन तीन चरणों में होता है:
- लिखित परीक्षा (Mathematics – 300 अंक, GAT – 600 अंक)
- एसएसबी इंटरव्यू (5 दिन की प्रक्रिया – 900 अंक)
- मेडिकल टेस्ट (फिजिकल और मेडिकल फिटनेस जांच)
लिखित परीक्षा में गलत उत्तर के लिए निगेटिव मार्किंग होती है। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को SSB इंटरव्यू और फाइनल मेडिकल टेस्ट के बाद मेरिट लिस्ट के आधार पर बुलाया जाता है।
4 से 4.5 साल की होती है ट्रेनिंग
एनडीए परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को कुल 3 साल की गहन ट्रेनिंग दी जाती है, जिसे छह सेमेस्टर में विभाजित किया गया है। इस दौरान उन्हें सेना की शाखा के अनुसार शैक्षणिक डिग्री भी प्रदान की जाती है। आर्मी कैडेट्स को B.A. या B.Sc. की डिग्री मिलती है जबकि नेवी और एयरफोर्स कैडेट्स को B.Tech डिग्री दी जाती है, जो जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मान्यता प्राप्त होती है।
इसके बाद चयनित कैडेट्स को संबंधित सैन्य अकादमियों IMA (देहरादून), INA (एझिमाला) या एयरफोर्स अकादमी (हैदराबाद) में 1 से 1.5 साल का अतिरिक्त प्रशिक्षण दिया जाता है। इस प्रकार कुल प्रशिक्षण अवधि लगभग 4 से 4.5 साल होती है।
एनडीए में 25 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
2021 से महिलाओं को भी एनडीए में भाग लेने की अनुमति मिल चुकी है और यह एक ऐतिहासिक कदम रहा है। NDA 2, 2025 में कुल 25 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। महिलाओं के लिए नियम पुरुषों के समान ही हैं। उम्मीदवार की आयु 16.5 से 19.5 वर्ष होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के रूप में आर्मी विंग के लिए किसी भी स्ट्रीम से 12वीं पास, जबकि नेवी और एयरफोर्स के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) के साथ 12वीं अनिवार्य है। उम्मीदवार अविवाहित होना चाहिए और महिलाओं को गायनोकोलॉजिकल जांच सहित फिजिकल फिटनेस मानकों को भी पूरा करना होता है।
ट्रेनिंग के समय मिलेगा 56,100 रुपया का स्टाइपेंड
एनडीए ट्रेनिंग के दौरान कैडेट्स को हर महीने 56,100 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाता है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाता है। आर्मी में लेफ्टिनेंट, नेवी में सब-लेफ्टिनेंट और एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर कमीशन मिलता है। उनकी प्रारंभिक सैलरी 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये प्रति माह (लेवल 10) के बीच होती है, जो अनुभव और पदोन्नति के साथ बढ़ती जाती है।
एनडीए आवेदन प्रक्रिया 2025
यूपीएससी एनडीए 2 परीक्षा 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया 28 मई 2025 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 17 जून 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा का आयोजन 14 सितंबर 2025 को किया जाएगा। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा।
इसके बाद NDA एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और सेवा की प्राथमिकता (आर्मी, नेवी, एयरफोर्स) दर्ज करनी होगी। साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर ID) की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है, जबकि महिलाओं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग और जूनियर कमीशन ऑफिसर्स के बच्चों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। सभी जानकारी सही भरने के बाद फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।