कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के कारण केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में राज्य लोक सेवा आयोग (JKPSC) की ओर से राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 को स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि जेकेपीएससी प्रीलिम्स 2021 परीक्षा पहले 11 जुलाई, 2021 को आयोजित होने वाली थी। लेकिन कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए जेकेपीएससी प्रशासन ने इस अहम परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय किया है।
जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग ने प्रीलिम्स यानी प्रारंभिक परीक्षा 2021 को लेकर आधिकारिक स्थगन अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में कहा गया है कि वैश्विक संक्रामक कोविड-19 महामारी के कारण जेकेपीएससी की संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा 2021 जो कि 11 जुलाई को होनी निर्धारित थी, को अक्तूबर तक टाल दिया गया है। जम्मू-कश्मीर राज्य सेवा संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा अब रविवार, 24 अक्तूबर, 2021 को आयोजित की जाएगी।