हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPPSC/HPPRCA), हमीरपुर ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) जॉब-ट्रेनी पद की लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। परीक्षा 28 सितंबर से शुरू होगी। इस बार परीक्षा डिजिटल ओएमआर टैबलेट के जरिए होगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवार आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
एचपीआरसीए जेओए आईटी की परीक्षा 28, 29, 30 सितंबर और 1 अक्तूबर 2026 को होगी। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट में उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना होगा, गेट 9:30 बजे बंद हो जाएगा और परीक्षा सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी। दूसरी शिफ्ट में रिपोर्टिंग का समय दोपहर 1 बजे है, गेट 2:30 बजे बंद होगा और परीक्षा दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक होगी।
परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को सत्यापित ई-आधार का प्रिंटआउट या पासपोर्ट जैसे वैध फोटो पहचान पत्र में से कोई एक जरूर लेकर जाना होगा। पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर किसी पहचान पत्र की असलियत पर संदेह होता है, तो उम्मीदवार को दूसरा वैध फोटो आईडी दिखाना होगा। पहचान पत्र की फोटोकॉपी स्वीकार नहीं की जाएगा।