खुद को रीसेट करें
मुश्किल समय में खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करने का दबाव न लें। इस दौर को जीवन का हिस्सा मानें और दोबारा तैयारी करने का अवसर समझें। मानसिक राहत के लिए थेरेपी लें, लंबी सैर पर जाएं या अपने करीबियों के साथ समय बिताएं। अपने काम को फिर से व्यवस्थित करें, प्राथमिकताएं तय करें और अनावश्यक कार्यों को कम करें। समझें कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। नियमित दिनचर्या, स्पष्ट सीमाएं और छोटे-छोटे रीसेट आपकी स्थिरता बनाए रखते हैं और टीम का भरोसा भी बढ़ाते हैं।
मदद मांगना बुरा नहीं
खासकर जब निजी और पेशेवर दोनों तरह के संकट एक साथ हों, तो आप सहकर्मियों या सीनियर्स से समर्थन ले सकते हैं। इसके लिए दो तरह से मदद मांगें, पहली रणनीतिक, जिसमें सीनियर्स से सलाह लेना, भूमिका में बदलाव पर बात करना या किसी बड़े प्रोजेक्ट में सहायता मांगना शामिल हो। दूसरी टैक्टिकल, जिसमें टीम के किसी सदस्य को किसी प्रोजेक्ट की पूरी जिम्मेदारी देकर अपने काम का बोझ कम करें और उनकी क्षमता भी बढ़ाएं। याद रखें, मदद मांगना आगे बढ़ने का समझदारी भरा तरीका है।
समय के अनुसार फैसले लें
विपरीत परिस्थितियों में पता चलता है कि आपकी व्यक्तिगत क्षमता की सीमाएं क्या हैं। इसलिए हर जिम्मेदारी अकेले उठाना जरूरी नहीं है। मीटिंग्स में देखें कि फैसले सही स्तर पर लिए जा रहे हैं या नहीं। तय करें कि कौन-से निर्णय टीम ले सकती है और किन मुद्दों के लिए सीनियर स्तर की मदद चाहिए। साथ ही, काम के स्पष्ट मानक निर्धारित करें, ताकि अस्पष्टता कम हो।