फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली विश्वविद्यालय: सहायक-वरिष्ठ सहायक के 126 पदों पर आवेदन का एक और मौका, 21 नवंबर तक बढ़ाई गई अंतिम तिथि

Mon, 09 Nov 2026 02:58 PM IST
आकाश कुमार जॉब्स डेस्क, अमर उजाला

सार

दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीनियर असिस्टेंट और असिस्टेंट के 126 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। उम्मीदवार अब 21 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले अंतिम तिथि 9 नवंबर निर्धारित थी।
 
विज्ञापन
Delhi University Recruitment 2026 - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली विश्वविद्यालय में सरकारी नौकरी पाने का अवसर तलाश रहे उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय ने सीनियर असिस्टेंट और असिस्टेंट के कुल 126 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन करने की आखिरी तारीख 9 नवंबर 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दिया गया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अब 21 नवंबर तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कितने पदों पर होगी भर्ती?

दिल्ली विश्वविद्यालय की इस भर्ती के तहत दो पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पदों का विवरण इस प्रकार है:

 
पद का नाम पदों की संख्या वेतन स्तर
सीनियर असिस्टेंट 46 स्तर-6
असिस्टेंट 80 स्तर-4
कुल 126 -
 

आवेदन की नई अंतिम तिथि क्या है?

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 अक्तूबर 2026 से शुरू हुई थी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 9 नवंबर 2026 थी। अब विश्वविद्यालय ने इसे बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दिया है। ऐसे में योग्य उम्मीदवारों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

सीनियर असिस्टेंट पद के लिए योग्यता

  • सीनियर असिस्टेंट पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए।
  • इसके साथ ही लेवल-4 में असिस्टेंट या समकक्ष पद पर कम से कम तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है।
  • उम्मीदवार को कंप्यूटर एप्लीकेशंस, नोट लेखन और प्रारूपण का ज्ञान होना चाहिए।
  • इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है।

 

असिस्टेंट पद के लिए कौन कर सकता है आवेदन?

  • असिस्टेंट पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक होना आवश्यक है।
  • इसके अलावा उम्मीदवार के पास विश्वविद्यालय, शोध संस्थान, केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम अथवा स्वायत्त निकाय में जूनियर असिस्टेंट या समकक्ष पद पर कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
  • उम्मीदवार को अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति आनी चाहिए। साथ ही कंप्यूटर संचालन का ज्ञान भी जरूरी है।
  • इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष है।

 

कितना देना होगा आवेदन शुल्क?

उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करना होगा। शुल्क का विवरण इस प्रकार है:

 
श्रेणी आवेदन शुल्क
सामान्य और अनारक्षित वर्ग ₹1,000
ओबीसी (गैर-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवार ₹800
एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवार ₹600
 

आवेदन शुल्क जमा करने के बाद इसे वापस नहीं किया जाएगा। अधूरी जानकारी या निर्धारित शुल्क के बिना जमा किए गए आवेदन अस्वीकार किए जा सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने 12 दिसंबर 2024 के विज्ञापन संख्या R&P/311/2024 के तहत सीनियर असिस्टेंट और असिस्टेंट पदों के लिए आवेदन किया था, उन्हें इस भर्ती में आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

कैसे होगा सीनियर असिस्टेंट का चयन?

सीनियर असिस्टेंट पद पर सीधी भर्ती की चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसके आधार पर उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में मुख्य परीक्षा और कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी।

  • प्रारंभिक परीक्षा: यह परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी। इसकी अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, गणितीय योग्यता और उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रशासन से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे और अधिकतम अंक 200 होंगे। प्रारंभिक परीक्षा के अंक अंतिम चयन में शामिल नहीं किए जाएंगे।
  • मुख्य परीक्षा: यह परीक्षा वर्णनात्मक होगी और इसकी अवधि दो घंटे होगी। इसमें शैक्षणिक प्रशासन एवं प्रबंधन तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू नियमों और उनके उपयोग से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी और इसी के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
  • कौशल परीक्षा: मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को कौशल परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसमें प्रशासनिक इकाइयों के प्रबंधन, कार्यालय प्रक्रिया नियमावली, सूचना प्रौद्योगिकी, टिप्पण लेखन और प्रारूपण से जुड़े कौशल परखे जाएंगे। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें उत्तीर्ण होने के लिए कम से कम 50 अंक प्राप्त करना जरूरी है। कौशल परीक्षा केवल अर्हकारी प्रकृति की होगी।

 

दिल्ली विश्वविद्यालय भर्ती के लिए आवेदन कैसे करें?

इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.du.ac.in पर जाएं। वेबसाइट पर ‘विज्ञापन-डिपार्टमेंट’ शीर्षक के अंतर्गत ‘डीयू के साथ काम करें’ विकल्प में भर्ती से संबंधित जानकारी उपलब्ध है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवार पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया की शर्तें ध्यान से पढ़ लें। किसी तकनीकी समस्या के लगातार बने रहने पर उम्मीदवार विश्वविद्यालय के ईमेल non_teaching_rec@admin.du.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें