Bihar BSSC Recruitment 2025: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने ऑफिस अटेंडेंट (कार्यालय परिचारी) के कुल 3727 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह वैकेंसी बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने के लिए निकाली गई है। इच्छुक उम्मीदवार 25 अगस्त 2025 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bssc.bihar.gov.in या www.onlinebssc.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2025 तय की गई है।
कहां-कितनी रिक्तियां हैं?
बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) द्वारा निकाली गई इस भर्ती अभियान के तहत राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में खाली पड़े ऑफिस अटेंडेंट (कार्यालय परिचारी) पदों को भरा जाएगा। कुल 3727 पदों में से सबसे अधिक 1138 रिक्तियां पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग में हैं, जबकि भवन निर्माण विभाग में 500 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा शेष पद बिहार सरकार के अन्य मंत्रालयों और विभागों में हैं, जहां कार्यालय सहायकों की आवश्यकता है।
शैक्षणिक योग्यता-आयु सीमा
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास (मैट्रिकुलेशन) होना अनिवार्य है। यानी अभ्यर्थी ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाई स्कूल की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की हो।
आयु सीमा की बात करें तो इसकी गणना 1 अगस्त 2025 को आधार मानकर की जाएगी। सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, सामान्य वर्ग की महिलाओं को अधिकतम 40 वर्ष तक आवेदन की अनुमति है। इसके अलावा, अन्य पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 3 साल तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को 5 साल की आयु में छूट प्रदान की गई है।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती प्रक्रिया में चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मुख्य परीक्षा से जुड़ी जानकारी और विज्ञापन बाद में आयोग द्वारा जारी किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार (MCQ) की होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। परीक्षा में तीन विषयों से प्रश्न शामिल होंगे- सामान्य अध्ययन (40 अंक), सामान्य गणित (30 अंक) और सामान्य हिन्दी (30 अंक)। प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाएंगे, जबकि हर गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग की जाएगी। यह परीक्षा मेरिट तय करने का पहला चरण होगी, जिससे मुख्य परीक्षा के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
आवेदन शुल्क
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 540 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के केवल बिहार निवासी अभ्यर्थियों, दिव्यांग उम्मीदवारों और बिहार की सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 135 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, अन्य राज्यों के सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को भी 540 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।