पटना हाईकोर्ट के आदेश से रुका रिजल्ट
बीपीएससी के अनुसार विज्ञापन संख्या 29/2025, 30/2025 और 31/2025 से संबंधित असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा का परिणाम फिलहाल रोका गया है। यह मामला CWJC संख्या 3972/2026 से जुड़ा हुआ है।
आयोग ने बताया कि पटना हाईकोर्ट ने 23 मार्च 2026 को पारित अपने आदेश में 9 मार्च 2026 के मेमो संख्या 2079(S) के तहत जारी अधिसूचना पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी थी।
चूंकि अभी तक अदालत की ओर से इस स्थगन आदेश को हटाने का कोई नया आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, इसलिए परिणाम जारी नहीं किया जा सकता।

आयोग ने क्या कहा?
बीपीएससी ने अपने नोटिस में कहा कि अदालत के आदेश का पालन करना आयोग की जिम्मेदारी है। इसलिए जब तक कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा का परिणाम प्रकाशित नहीं किया जाएगा।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैल रही किसी भी तरह की अफवाह या अटकलों पर भरोसा न करने की अपील की है। बीपीएससी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर कहा कि उम्मीदवार अपनी आगामी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखें। जैसे ही वैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होगी, परिणाम जल्द से जल्द घोषित कर दिया जाएगा।
रिजल्ट कब आएगा?
फिलहाल बीपीएससी ने परिणाम जारी करने की कोई नई तारीख घोषित नहीं की है। आयोग का कहना है कि अदालत से आवश्यक आदेश मिलने के बाद ही असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी किया जाएगा।