BPSC Re-Exam Admit Card: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने पटना के बापू सेंटर पर रद्द की गई बीपीएससी 70वीं सीसीई प्रारंभिक परीक्षा 2024 के लिए पुनर्परीक्षा के संबंध में एक नोटिस जारी किया है। जिसमें उन्होंने एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख का एलान किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, इस पुनर्परीक्षा का एडमिट कार्ड 27 दिसंबर को आधिकारिक वेबसाइट (bpsc.bih.nic.in) पर जारी कर दिया जाएगा। 70वीं बीपीएससी प्रीलिम्स पुनर्परीक्षा चार जनवरी को निर्धारित है।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, "एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा चार जनवरी को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक पटना जिला में अवस्थित परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जायेगी।"
बीपीएससी 70वीं पुनर्परिक्षा 2024 के लिए एडमिट कार्ड में उम्मीदवारों को आवंटित परीक्षा केंद्र कोड के रूप में दर्ज होगा, जिसमें सेंटर कोड एवं जिला का नाम लिखा होगा।
उम्मीदवार ध्यान दें, अभ्यर्थियों को 11 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसलिए सभी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर समय उपस्थित होना सुनिश्चित करें। किसी भी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाक (पोस्ट) द्वारा नहीं भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: बीपीएससी अध्यक्ष ने 13 दिसंबर की परीक्षा रद्द करने से किया इनकार, 34 अभ्यर्थियों भेजा कारण बताओ नोटिस
परीक्षा पैटर्न
बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा अधिकतम 150 अंकों की होगी। प्रत्येक सही उत्तर पर 1 अंक दिया जाएगा। 70वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ होगी और निगेटिव मार्किंग होगी, प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई (1/3) अंक काटा जाएगा।
बिहार में परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है, कि जब तक आयोग पूरी परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने की घोषणा नहीं करता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, बीपीएससी अध्यक्ष ने 13 दिसंबर की परीक्षा रद्द करने से इनकार किया है। साथ ही 34 अभ्यर्थियों भेजा कारण बताओ का नोटिस जारी किया।