इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) अगले दो माह में दो सौ से अधिक पदों पर सीधी भर्ती शुरू करने जा रहा है। आयोग को सफाई निरीक्षक और सहायक सांख्यिकी अधिकारी के पद पर भर्ती करनी है। दोनों प्रकार के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया सितंबर के दूसरे सप्ताह तक पूरी हो जाएगी और परिणाम भी साक्षात्कार के कुछ दिनों बाद ही जारी कर दिए जाएंगे। इन पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीसीएस के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होगी।
नगर विकास विभाग के तहत आयोग को सफाई निरीक्षक के 128 पदों पर सीधी भर्ती करनी है। इसके लिए अगले हफ्ते से इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। भर्ती के लिए विज्ञापन आयोग काफी पहले जारी कर चुका है। इसके अलावा सहायक सांख्यिकी अधिकारी के 94 पदों पर भी भर्ती होनी है। इसके लिए आयोग की ओर से स्क्रीनिंग परीक्षा पहले ही आयोजित की जा चुकी है।
आयोग जल्द ही इंटरव्यू के लिए विज्ञप्ति जारी कर सकता है। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि सहायक सांख्यिकी अधिकारी पद पर भर्ती के लिए इंटरव्यू सितंबर के पहले और दूसरे हफ्ते में आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसके लिए दो-तीन में विज्ञप्ति जारी की जा सकती है।