फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एफकैट 2027 का विस्तृत नोटिस जारी: कब होगी परीक्षा, कितने पद भरे जाएंगे? पात्रता मानदंड-शुल्क समेत पूरी जानकारी

Wed, 11 Nov 2026 09:15 PM IST
आकाश कुमार जॉब्स डेस्क, अमर उजाला

सार

  • एफकैट-I 2027 की पंजीकरण प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से शुरू हो रही है।
  • अभ्यर्थी 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
  • चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण जनवरी 2028 में शुरू होगा।
विज्ञापन
AFCAT 01/2027 Recruitment - फोटो : AI Generated
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय वायुसेना (IAF) ने एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT 01/2027) के लिए विस्तृत भर्ती अधिसूचना जारी कर दी है। इसके माध्यम से फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल एवं नॉन-टेक्निकल) में ग्रुप ‘A’ राजपत्रित अधिकारी के पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती में पुरुष और महिला, दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कुल 284 पद भरे जाएंगे।

विज्ञापन


ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 11 दिसंबर 2026 रात 11:30 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। लिखित परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

AFCAT 01/2027: भर्ती से जुड़ी मुख्य तारीखें

विवरण तारीख
आवेदन शुरू होने की तारीख 12 नवंबर 2026, सुबह 11 बजे
आवेदन की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026, रात 11:30 बजे
एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख 27 जनवरी 2027, सुबह 11 बजे
लिखित परीक्षा 31 जनवरी 2027
उत्तर कुंजी और प्रश्नपत्र पर आपत्ति की अवधि 3 से 5 फरवरी 2027
प्रशिक्षण शुरू होने का समय जनवरी 2028 का पहला सप्ताह
AFCAT I 2027 Detailed Notification Download PDF...

कितने पदों पर होगी भर्ती?

अधिसूचना में AFCAT एंट्री के तहत 268 और GATE स्कोर एंट्री के तहत 16 पद दिए गए हैं। इस तरह कुल 284 पदों पर भर्ती होगी। ब्रांच के अनुसार पदों का विवरण इस प्रकार है:

ब्रांच/एंट्री पदों की संख्या
फ्लाइंग ब्रांच (AFCAT) 36
ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल – AE(L) 88
ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल – AE(M) 36
वेपन सिस्टम 30
एडमिनिस्ट्रेशन 53
लॉजिस्टिक्स 11
अकाउंट्स 8
एजुकेशन 4
मौसम विज्ञान (Meteorology) 2
GATE स्कोर एंट्री – AE(L) 11
GATE स्कोर एंट्री – AE(M) 5
कुल 284

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता ब्रांच के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है।
आयु सीमा

  • फ्लाइंग ब्रांच: 1 जनवरी 2028 को उम्मीदवार की उम्र 20 से 24 वर्ष होनी चाहिए। जन्मतिथि 2 जनवरी 2004 से 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए।
  • ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच: उम्मीदवार की उम्र 20 से 26 वर्ष होनी चाहिए। जन्मतिथि 2 जनवरी 2002 से 1 जनवरी 2008 के बीच होनी चाहिए।
  • कमर्शियल पायलट लाइसेंस: DGCA से वैध और वर्तमान कमर्शियल पायलट लाइसेंस रखने वाले फ्लाइंग ब्रांच के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 26 वर्ष तक की छूट दी गई है।

उम्मीदवारों को कोर्स शुरू होने के समय और प्रशिक्षण के दौरान अविवाहित होना जरूरी है।

ब्रांच के अनुसार शैक्षणिक योग्यता

  • फ्लाइंग ब्रांच: उम्मीदवार ने 12वीं में फिजिक्स और गणित, दोनों विषयों में कम से कम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। इसके साथ किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ तीन वर्षीय स्नातक डिग्री या चार वर्षीय BE/BTech डिग्री होनी चाहिए। इंजीनियर्स (इंडिया) या एयरोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया की एसोसिएट मेंबरशिप परीक्षा के सेक्शन A और B में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त उम्मीदवार भी निर्धारित शर्तों के तहत आवेदन कर सकते हैं।
  • ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल ब्रांच: AE(L) और AE(M) के लिए 12वीं में फिजिक्स और गणित में कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। इसके साथ संबंधित इंजीनियरिंग विषय में चार वर्षीय डिग्री या निर्धारित समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
  • ग्राउंड ड्यूटी नॉन-टेक्निकल ब्रांच: वेपन सिस्टम और एडमिनिस्ट्रेशन एवं लॉजिस्टिक्स के लिए स्नातक डिग्री जरूरी है। अकाउंट्स ब्रांच के लिए निर्धारित वित्त एवं लेखा संबंधी डिग्री या पेशेवर योग्यता मांगी गई है। एजुकेशन ब्रांच के लिए स्नातक के साथ किसी विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन और मौसम विज्ञान ब्रांच के लिए निर्धारित विज्ञान या इंजीनियरिंग योग्यता जरूरी है।
  • गेट स्कोर एंट्री: AE(L) और AE(M) के लिए पात्र विषयों में BE/BTech डिग्री के साथ वैध GATE स्कोर होना चाहिए। अधिसूचना के अनुसार, 1 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2027 के बीच घोषित GATE परिणाम मान्य होंगे।

चयन प्रक्रिया क्या होगी?

एफकैट एंट्री के उम्मीदवारों को ऑनलाइन लिखित परीक्षा देनी होगी। इसके बाद चयन प्रक्रिया के अगले चरण में एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड (AFSB) की परीक्षा होगी। एनसीसी स्पेशल एंट्री और गेट स्कोर एंट्री के उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा से छूट दी गई है और वे सीधे AFSB प्रक्रिया में शामिल होंगे। चयन के मुख्य चरण इस प्रकार हैं:

  1. लिखित परीक्षा: एफकैट एंट्री के उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन परीक्षा।
  2. AFSB टेस्टिंग: इसमें पहले चरण में ऑफिसर इंटेलिजेंस रेटिंग (OIR) टेस्ट और पिक्चर परसेप्शन एंड डिस्कशन टेस्ट (PPDT) होगा। अगले चरण में मनोवैज्ञानिक परीक्षण, ग्रुप टेस्ट और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल होंगे। फ्लाइंग ब्रांच के उम्मीदवारों के लिए CPSS भी आयोजित किया जाएगा।
  3. मेडिकल परीक्षण: AFSB में सफल उम्मीदवारों की चिकित्सा जांच होगी।
  4. अंतिम मेरिट सूची: लिखित परीक्षा और AFSB में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। प्रशिक्षण के लिए चयन मेरिट और उपलब्ध सीटों के अनुसार होगा।

एफकैट परीक्षा का पैटर्न क्या होगा?

लिखित परीक्षा ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित होगी। इसमें अंग्रेजी भाषा में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए दो घंटे का समय मिलेगा और अधिकतम 300 अंक निर्धारित हैं।

विवरण परीक्षा पैटर्न
परीक्षा का माध्यम ऑनलाइन
प्रश्नों की संख्या 100
कुल अंक 300
समय 2 घंटे
सही उत्तर +3 अंक
गलत उत्तर -1 अंक
अनुत्तरित प्रश्न 0 अंक

विज्ञापन

परीक्षा में अंग्रेजी, सामान्य जागरूकता, गणितीय क्षमता और रीजनिंग एवं मिलिट्री एप्टीट्यूड से प्रश्न पूछे जाएंगे।

कितनी मिलेगी सैलरी?

प्रशिक्षण के दौरान फ्लाइट कैडेट्स को 56,100 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। कमीशन मिलने के बाद फ्लाइंग ऑफिसर को पे लेवल 10 के तहत 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त 15,500 रुपये प्रतिमाह मिलिट्री सर्विस पे (MSP) और ब्रांच तथा तैनाती के अनुसार लागू भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन शुल्क कितना है?

एफकैट एंट्री के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 550 रुपये के साथ 18 प्रतिशत GST देना होगा। यह शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। एनसीसी स्पेशल एंट्री और गेट स्कोर एंट्री के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या UPI के माध्यम से किया जा सकेगा।

एफकैट 01/2027 के लिए आवेदन कैसे करें?

उम्मीदवार भारतीय वायुसेना के आधिकारिक AFCAT आवेदन पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन के लिए ये चरण अपनाएं:

  1. आधिकारिक एफकैट पोर्टल पर जाएं।
  2. Sign-Up विकल्प चुनकर नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें।
  3. OTP के माध्यम से पंजीकरण सत्यापित करें।
  4. प्राप्त लॉगिन जानकारी से पोर्टल पर प्रवेश करें।
  5. व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, ब्रांच की प्राथमिकता और परीक्षा शहर भरें। उम्मीदवारों को पांच परीक्षा शहर चुनने होंगे।
  6. निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपलोड करें।
  7. आधार कार्ड का विवरण दर्ज करें।
  8. लागू आवेदन शुल्क का भुगतान करके फॉर्म सबमिट करें।
  9. भरे हुए आवेदन फॉर्म का प्रिंट निकालकर सुरक्षित रख लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें