उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आरओ-एआरओ-2014 प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। लगातार विवादों से बने दबाव के बाद आयोग ने श्रेणीवार पदों की संख्या तथा सफल अभ्यर्थियों का विवरण जारी किया है।
इसमें ओबीसी के 163 पद के लिए 4059 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। जबकि, नियमानुसार 2934 अभ्यर्थी ही सफल होने चाहिए। इस तरह से कम से कम 1126 अभ्यर्थियों ने कटऑफ के बराबर यानी, 142 नंबर प्राप्त किए हैं। इस पर भी अभ्यर्थियों ने कड़ी आपत्ति जताई और आरोप लगाया है कि विशेष जाति को उपकृत करने के लिए आयोग ने इस तरह का नया तरीका खोजा है।
भर्तियों में एक विशेष जाति के अभ्यर्थियों को तवज्जो देने तथा पदों में हेरफेर के आरोप से आयोग पर दबाव बढ़ गया है। इसके मद्दनेजर आयोग ने आरओ-एआरओ-2014 प्रारंभिक परीक्षा में शामिल पदों का श्रेणीवार विवरण दिया है। आयोग ने बताया है कि 2004 में 19 जून को हुए निर्णय के तहत प्रारंभिक परीक्षा में पद के 18 गुना अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल किए जाते हैं।