इतने पदों पर होनी है भर्ती
इस भर्ती के तहत यंग प्रोफेशनल (फाइनेंस) के कुल 2 पद भरे जाएंगे। चयन प्रक्रिया ओपन मार्केट के माध्यम से अनुबंध के आधार पर की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों की आयु विज्ञापन जारी होने की तिथि के अनुसार 35 वर्ष से कम होनी चाहिए।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति पूर्णतः अनुबंध के आधार पर 2 वर्ष की अवधि के लिए की जाएगी। यह अनुबंध जॉइनिंग की तिथि से प्रभावी होगा। चूंकि यह संविदात्मक नियुक्ति है, इसलिए सक्षम प्राधिकारी आवश्यकता पड़ने पर बिना कोई कारण बताए इसे समाप्त भी कर सकता है।
हर महीने मिलेगा इतना वेतन
वेतन की बात करें तो नोएडा में नियुक्त उम्मीदवार को प्रति माह 60,000 रुपये समेकित वेतन मिलेगा, जबकि सिंदरी में नियुक्ति होने पर 45,000 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे। यह वेतन सभी भत्तों सहित होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार के पास सीए (CA) या आईसीडब्ल्यूए (ICWA) की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही, संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 2 वर्ष का पोस्ट क्वालिफिकेशन कार्य अनुभव भी आवश्यक है। चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न कार्यों के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन से जुड़े दायित्व निभाने होंगे और समय-समय पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा सौंपे गए अन्य कार्य भी करने होंगे।
यंग प्रोफेशनल की नियुक्ति से संबंधित सभी नियम और शर्तें एफसीआईएल की आधिकारिक गाइडलाइन O.M. No. FCIL/Policy/Young Professionals/231 दिनांक 30.08.2024 के अनुसार लागू होंगी, जो कंपनी की वेबसाइट fertcorp.in पर उपलब्ध हैं। पदों की संख्या अस्थायी है और आवश्यकता अनुसार इसमें परिवर्तन हो सकता है।
कब तक करना होगा आवेदन?
इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को विज्ञापन के समाचार पत्र में प्रकाशन की तिथि से 30 दिनों के भीतर ईमेल (fercorpindia@nic.in) के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। अधूरे आवेदन सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे। आवेदन अवधि के दौरान सीधे एफसीआईएल टीम से संपर्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ही आगे की चयन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
जो अभ्यर्थी 08.10.2024 की पूर्व रिक्ति अधिसूचना के तहत पहले ही आवेदन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
एफसीआईएल देश की अग्रणी उर्वरक कंपनियों में से एक है और यह रामागुंडम (तेलंगाना), सिंदरी (झारखंड), गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) और तालचर (ओडिशा) में संयुक्त उपक्रम (JV) मोड में उर्वरक संयंत्रों का संचालन कर रही है।