झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में भूषण पावर एंड स्टील लिमिटेड के प्रस्तावित 30 लाख टन सालाना क्षमता के स्टील संयंत्र और 900 मेगावाट की बिजली संयंत्र परियोजना के लिए प्रदूषण अनापत्ति संबंधी जनसुनवाई के दौरान सोमवार को भारी हंगामा हुआ। इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
जमशेदपुर में उपायुक्त कार्यालय के सामने पिछले तीन दिन से इसी मुद्दे पर ग्रामीणों के समर्थन में धरने पर बैठे अखिल भारतीय आदिवासी महासभा के प्रतिनिधियों ने भी जनसुनवाई को पूर्व प्रायोजित बताते हुए अर्धनग्न होकर इसके विरोध में प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व कर रहे महासभा के जसाई मार्डी ने कहा कि संविधान की पांचवी अनुसूची के तहत संरक्षित भूमि को कोई अधिग्रहित नहीं कर सकता। कंपनी गलत हथकंडे अपना कर हमारी जमीन पर कब्जा जमाना चाहती है।
परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने पोटका जाने वाले रास्ते को कई स्थानों पर जाम कर दिया था। इसे हटाने के लिए पुलिस और राज्य सरकार की दंगा निरोधी रैपिड एक्शन पुलिस के जवानों को उतारा गया। उधर, प्रशासन के प्रतिनिधि और एडीएम अजित शंकर और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दो प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पोटका के प्रोजक्ट गर्ल्स स्कूल में हुई जनसुनवाई के दौरान विरोध कर रहे ग्रामीणों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया।