केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने राजधानी रांची स्थित कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पीटल को अपने नेत्र दान करने का वादा किया।
रमेश ने अस्पताल के एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि मैंने अपने नेत्र केएमईएच को दान करने का फैसला किया है और मैंने इसका आवेदन पत्र भर दिया है।
मैं चाहता हूं कि मेरा अंतिम संस्कार झारखंड के सरंडा जंगल में किया जाए और मेरे नेत्र केएमईएच को दान किए जाएं।
नेत्रदान के लिए लोगों को जागरूक करने के मकसद से रांची में मैराथन का आयोजन किया गया था, जिसका नाम था 'रन फॉर विजन'।
अस्पताल के संस्थापक बी.पी. कश्यप और झारखंड के मुख्य सचिव आर.एस. शर्मा के साथ जयराम रमेश ने भी दौड़ लगाई।
इस मैराथन का आयोजन कश्यप आई हास्पिटल की तरफ से किया गया था। इसमें इलाके के छात्रों सहित 1000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
केएमईएच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 114 गांवों के लगभग 2,000 लोगों के नेत्रों की जांच की भी गई। यह जांच इलाके में नक्सलियों से लड़ने के लिए बनाए गए सरयु एक्शन प्लान का हिस्सा है।