रांची में 14 करोड़ की लागत से वृहद स्तर पर सिल्क पार्क और देवघर में ट्रेड सेंटर खुलेगा। मुख्य सचिव एसके चौधरी की अध्यक्षता में हुई स्टेट लेवल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल की बैठक में उद्योग विभाग के इन दोनों प्रस्ताव पर मंजूरी दी गयी।
ये दोनों योजनाएं असाइड स्कीम के तहत ली जायेंगी। असाइड के तहत 90 फीसदी अनुदान केंद्र सरकार देती है। वहीं आदित्यपुर एसइजेड में लंबित मामलों के लिए मुख्य सचिव केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे।
इस मौके पर रांची में प्रस्तावित वेयर हाउस के लिए डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है। वहीं पोटका में कॉमन फैसिलिटी सेंटर के निर्माण के लिए विस्तृत अध्ययन किये जाने की बात कही गयी है।
बैठक में केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव एस चौधरी, वित्त सचिव सुखदेव सिंह, उद्योग सचिव एपी सिंह, उद्योग निदेशक वंदना डाडेल आदि उपस्थित थे।