फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रूस में 27 दिन हिरासत में रहा जमशेदपुर का युवक लौटा घर: मां की प्रार्थना आई काम; जानें क्या था पूरा मामला

Sat, 28 Nov 2026 02:52 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

रूस में 27 दिनों तक हिरासत में रहने के बाद जमशेदपुर निवासी 23 वर्षीय मनीष साहू सकुशल भारत लौट आया। भारतीय दूतावास और राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के प्रयासों से उसकी रिहाई और स्वदेश वापसी संभव हुई।
विज्ञापन
रूस में 27 दिन हिरासत में रहा जमशेदपुर का युवक लौटा घर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रूस में 27 दिनों तक हिरासत में रहने के बाद जमशेदपुर का 23 वर्षीय युवक मनीष साहू सकुशल स्वदेश लौट आया है। दिल्ली पहुंचने के बाद वह जमशेदपुर स्थित अपने घर पहुंचा, जहां बेटे को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। करीब चार सप्ताह तक रूस में फंसे रहने के दौरान परिवार का उससे संपर्क टूट गया था। बेटे की वापसी के लिए मां नीलम साहू ने छठ पर्व के दौरान छठी मैया से प्रार्थना की थी। आखिरकार भारतीय दूतावास और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रयासों के बाद मनीष की घर वापसी हो गई।

पर्यटन और व्लॉगिंग के लिए गया था रूस

परसुडीह की लोको कॉलोनी निवासी मनीष साहू छत्तीसगढ़ के एक संयंत्र में काम करता है। वह 6 अक्तूबर 2026 को पर्यटन और ट्रैवल व्लॉगिंग के उद्देश्य से रूस गया था। कुछ दिन वहां घूमने के बाद 27 अक्तूबर से अचानक उसका परिवार से संपर्क टूट गया। बाद में मनीष ने फोन पर अपनी मां को बताया कि उसे रूसी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

मनीष का आरोप है कि रूसी पुलिस ने उस पर झूठे आरोप लगाए और हिरासत के दौरान मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ दुर्व्यवहार भी किया। उसने बताया कि निरोध केंद्र में उस पर लगातार रूसी सेना में शामिल होने या अदालत में मुकदमा लड़ने का दबाव बनाया जा रहा था।

मां की गुहार के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन

बेटे के हिरासत में होने की जानकारी मिलने के बाद मां नीलम साहू ने जमशेदपुर के जिलाधिकारी राजीव रंजन से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई। इसके बाद मामला राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष तक पहुंचा। नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्तूबर को रांची स्थित प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर मनीष को विधिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इसके बाद 3 नवंबर को येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने निरोध केंद्र पहुंचकर मनीष से मुलाकात की। अधिकारियों ने उसके स्वास्थ्य को सामान्य पाया।

4,000 रूबल का जुर्माना, फिर निष्कासन का आदेश

निरोध केंद्र के प्रमुख ने मनीष को प्रशासनिक अपराध का दोषी मानते हुए उस पर 4,000 रूबल का जुर्माना लगाया। साथ ही रूस से अनिवार्य निष्कासन का आदेश दिया गया। 9 नवंबर को न्यायिक अधिकारी ने मामले की समीक्षा की। इसके बाद 25 नवंबर को मनीष को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति मिल गई।

25 नवंबर को रूस से निकला, 26 को दिल्ली पहुंचा

भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से मनीष 25 नवंबर को रूस से रवाना हुआ और 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचा। वहां से वह जमशेदपुर स्थित अपने घर लौट आया। 27 दिनों की अनिश्चितता और बेटे की सुरक्षा को लेकर परेशान परिवार के लिए उसकी सकुशल वापसी बड़ी राहत लेकर आई है। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भी मनीष की सुरक्षित स्वदेश वापसी की पुष्टि करते हुए इसमें सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों का आभार जताया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें