झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। ताजा मामला सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकुंडीय गांव के तुरामडीह टोला का है, जहां सोमवार देर रात करीब 11 बजे एक जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में 57 वर्षीय चांदो देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 60 वर्षीय लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मंदिर के पास हो रहे थे घायल
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में निर्माणाधीन मंदिर के पास कुछ लोग रात में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। नींद में होने के कारण लोग संभल नहीं सके। हाथी ने चांदो देवी को पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका के पुत्र गोपाल गोप ने बताया कि उनकी मां मंदिर निर्माण कार्य में लगी थीं और वहीं सोती थीं। वहीं घायल लखन कुदादा के पुत्र ज्वार कुदादा के अनुसार, उनके पिता भी उसी स्थान पर सो रहे थे, तभी हाथी ने हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें:
हजारीबाग में नाबालिग के दुष्कर्म और हत्या पर झारखंड हाईकोर्ट सख्त, गृह सचिव और DGP को भेजा नोटिस
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल
घटना के बाद ग्रामीण मुंडा ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद भारी दहशत का माहौल है और वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की जा रही है।