मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पतरातू पहुंचे। वे रामगढ़ जिला स्थित होटल पर्यटन विहार में मुख्यमंत्री सुरक्षा में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक विपिन रजक की सुपुत्री हर्षा के विवाह समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने नव दंपती को सुखद, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए स्नेहिल आशीर्वाद दिया। उन्होंने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।
समारोह के दौरान, हेमंत सोरेन ने विपिन रजक और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए इस पारिवारिक खुशी में शामिल होने पर प्रसन्नता जताई। इस मांगलिक अवसर पर कई गणमान्य अतिथि और संबंधी भी उपस्थित थे।