फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड : चतरा में बड़ा हादसा टला! गेरुआ नदी के तेज बहाव में फंसे 3 युवक, बाल-बाल बची जान

Fri, 28 Aug 2026 02:19 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र में गेरुआ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से दो बाइक पर सवार तीन युवक तेज बहाव के बीच फंस गए। दोनों बाइक नदी की धार में बह गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
विज्ञापन
चतरा के गेरूआ नदी में उफनती नदी में फंसे बाइक चालक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में गेरुआ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी के तेज बहाव के बीच दो बाइक पर सवार तीन युवक फंस गए। देखते ही देखते दोनों बाइक भी पानी की तेज धार में बह गईं। घटना टंडवा स्थित गेरुआ नदी पर बने पीपा पुल की है। युवकों के मझधार में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों की जान बचा ली।

तेज बहाव के बीच नदी पार करने की कोशिश पड़ी भारी

जानकारी के अनुसार, गेरुआ नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ पानी का बहाव भी काफी तेज हो गया था। इसके बावजूद दो बाइक पर सवार तीन युवकों ने नदी पार करने का प्रयास किया। जैसे ही वे नदी के बीच पहुंचे, अचानक पानी का बहाव और तेज हो गया। इससे स्थिति बिगड़ गई और तीनों युवक मझधार में फंस गए। जान बचाने के लिए वे शोर मचाकर मदद मांगने लगे। इसी दौरान पानी की तेज धार दोनों बाइक को भी अपने साथ बहा ले गई।

पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा के निर्देश पर पुलिस गश्ती दल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रामगढ़ निवासी दो युवक किसी तरह तैरकर नदी के किनारे पहुंचने में सफल रहे।

वहीं, उड़सू निवासी संजय पासवान तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। बताया गया कि कुछ देर बाद वह बेहोश भी हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने साहस दिखाया और संजय पासवान को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अस्पताल में कराया गया इलाज, हालत स्थिर

नदी से बाहर निकालने के बाद संजय पासवान को तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना में तीनों युवकों की जान बच गई, लेकिन उनकी दोनों बाइक नदी की तेज धार में बह गईं।

पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

घटना के बाद टंडवा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने पर किसी भी परिस्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। पुलिस ने कहा कि तेज बहाव के दौरान वाहन लेकर नदी पार करना बेहद खतरनाक हो सकता है। लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें