फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: आईआईआईटी में छात्र की संदिग्ध मौत पर बवाल, निदेशक-डीन के इस्तीफे की मांग; धरने पर बैठे छात्र

Sun, 11 Oct 2026 01:15 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

रांची स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कैंपस में तनाव का माहौल है। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला।
विज्ञापन
प्रदर्शन करते छात्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी रांची स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद कैंपस में तनाव का माहौल है। छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद संस्थान की व्यवस्थाओं और आपातकालीन सेवाओं में कथित लापरवाही को लेकर विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है। नाराज छात्र खेलगांव स्थित हॉस्टल परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने संस्थान के निदेशक और एकेडमिक डीन के इस्तीफे के साथ ही कथित लापरवाही के मामले में कार्रवाई की मांग की है।

आपातकालीन व्यवस्था पर उठे सवाल, छात्रों ने खुद सीपीआर देने का किया दावा

छात्रों का आरोप है कि घटना के दौरान संस्थान की आपातकालीन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। विद्यार्थियों के मुताबिक, रात करीब 11 बजे कमरे का दरवाजा तोड़कर आदित्य को नीचे उतारा गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। हॉस्टल की लिफ्ट खराब होने के कारण छात्र को सीढ़ियों के रास्ते नीचे लाना पड़ा। इस दौरान विद्यार्थियों ने खुद सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देकर उसकी जान बचाने की कोशिश की।

एंबुलेंस की चाबी मिलने में देरी, ऑक्सीजन की सुविधा नहीं होने का आरोप

छात्रों और परिजनों का दावा है कि एंबुलेंस की चाबी खोजने में करीब 15 से 20 मिनट की देरी हुई। इसके अलावा, एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर जैसी बुनियादी जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है। विद्यार्थियों ने हॉस्टल कर्मियों के व्यवहार और घटना के समय संस्थान के निदेशक की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

निदेशक और एकेडमिक डीन के इस्तीफे की मांग

घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने संस्थान के निदेशक और एकेडमिक डीन के इस्तीफे की मांग की है। उनकी मांग है कि कथित तौर पर लापरवाही बरतने वाले हॉस्टल कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं में कथित खामियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई गई है।

हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात, जांच की जानकारी का इंतजार

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हॉस्टल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और अनिश्चितकालीन धरना जारी है। फिलहाल, आदित्य कुमार की मौत के वास्तविक कारणों और संस्थान की व्यवस्थाओं को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें