रांची के चुटिया इलाके में रसोई गैस की किल्लत को लेकर बुधवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा खुलकर सामने आया। लोग चुटिया से बेल बागान तक सड़क जाम कर गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ।
रांची के चुटिया इलाके में बुधवार को रसोई गैस की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। उपभोक्ताओं ने चुटिया से बेल बागान क्षेत्र तक सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए, जिससे इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ।
विज्ञापन
उपभोक्ताओं का आरोप: सिलिंडर नहीं, फोन तक नहीं उठाते
प्रदर्शन में शामिल मनोज दास, वीणा देवी, लखी पासवान और सुरेंद्र राम ने बताया कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले ही ऑनलाइन गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलिंडर नहीं मिला है। लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी के कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। कई घरों में गैस खत्म हो चुकी है और लोगों को खाना बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने कालाबाजारी का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि जहां एक ओर आम लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही, वहीं दूसरी ओर बाजार में सिलिंडर 2500 से 3000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं। इससे साफ है कि कुछ लोग अवैध तरीके से गैस की आपूर्ति कर मुनाफा कमा रहे हैं। लोगों ने बताया कि वे पिछले बुधवार को भी गैस एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कहा गया कि ऊपर से सप्लाई नहीं आ रही। कई उपभोक्ता बीती रात रात 10 बजे से लाइन में खड़े थे, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। साथ ही जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर शीघ्र गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।