हजारीबाग के बड़कागांव स्थित गोंदलपुरा और रुद्दी गांव के पास एनटीपीसी-अदाणी परियोजना क्षेत्र में ग्रामीणों और सीआईएसएफ जवानों के बीच बहस का इसका फोटो वायरल हो रहा है। हालांकि, विवाद की वजह और घटना के समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में गोंदलपुरा और रुद्दी गांव के आसपास एक बार फिर तनाव की स्थिति चर्चा में है। एनटीपीसी-अदाणी परियोजना क्षेत्र में ग्रामीणों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों के बीच तीखी बहस के बीच की फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में हुए घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना के पूरे विवरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, परियोजना क्षेत्र में किसी बात को लेकर ग्रामीणों और सीआईएसएफ जवानों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई बहस का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, वीडियो किस समय का है और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
गोंदलपुरा कोयला खनन परियोजना को लेकर क्षेत्र में पहले भी ग्रामीणों की चिंताएं सामने आती रही हैं।
जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, रोजगार और विस्थापन जैसे मुद्दे परियोजना प्रभावित परिवारों के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। इन विषयों को लेकर ग्रामीणों और परियोजना प्रबंधन के बीच समय-समय पर असंतोष की स्थिति बनती रही है। ऐसे में ताजा वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस घटनाक्रम पर जिला प्रशासन और पुलिस का आधिकारिक रुख स्पष्ट होना बाकी है। वहीं, सीआईएसएफ और ग्रामीणों की ओर से भी विवाद को लेकर विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कहासुनी के दौरान किसी को चोट आई या मामले में कोई कार्रवाई की गई है। घटना की वास्तविक वजह, मौजूदा स्थिति और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।