टाटानगर से हावड़ा जा रही टाटानगर स्टील एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना चाकुलिया रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। चलती ट्रेन की बोगी से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
इलेक्ट्रॉनिक पैनल में शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन के इलेक्ट्रॉनिक पैनल में चूहा घुसने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा।
घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
ट्रेन रोके जाने के बाद रेलवे कर्मियों और संबंधित टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि आग बुझाने में घंटों का समय लगा। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। इलेक्ट्रॉनिक पैनल में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। समय रहते लोको पायलट की तत्परता और इमरजेंसी ब्रेक लगाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।