फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: स्टील की कीमतों में 3,500 रुपये प्रति टन तक की बढ़ोतरी संभव, घरेलू मांग बढ़ने से कंपनियों को राहत

Fri, 13 Nov 2026 02:51 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में भारत में स्टील की कीमतों में औसतन 3,500 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी हो सकती है। सितंबर से कीमतों में सुधार शुरू हो गया है।
विज्ञापन
(फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में स्टील की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में इस्पात की कीमतें औसतन 3,500 रुपये प्रति टन तक बढ़ने की उम्मीद है। टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सितंबर से स्टील की कीमतों में सुधार शुरू हो गया है। इससे कंपनी के मुनाफे और मार्जिन में भी सुधार होने की संभावना है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद घरेलू बाजार में स्टील की खपत और मांग मजबूत बनी हुई है।

विज्ञापन

टीवी नरेंद्रन के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष का असर वैश्विक लॉजिस्टिक्स, बीमा और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की कीमतों पर पड़ा है। इनके महंगे होने से दूसरी तिमाही में टाटा स्टील पर करीब 1,400 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लागत दबाव आया। इसके अलावा कोकिंग कोल की कीमत में भी 15 डॉलर प्रति टन की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, घरेलू बाजार में मजबूत खपत और लगातार बढ़ती मांग के कारण कंपनी इस लागत दबाव का सामना कर पा रही है।

घरेलू संयंत्रों के विस्तार पर खर्च होंगे 15,000 करोड़ रुपये

टाटा स्टील ने चालू वित्त वर्ष में कुल 20,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का लक्ष्य रखा है। कंपनी इस लक्ष्य को हासिल करने के करीब पहुंच चुकी है। इसमें से 15,000 करोड़ रुपये भारत स्थित घरेलू संयंत्रों के विस्तार और विकास पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, शेष राशि ब्रिटेन और नीदरलैंड के संयंत्रों के आधुनिकीकरण पर लगाई जाएगी।
कंपनी वित्त वर्ष की पहली छमाही में करीब 6,800 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय कर चुकी है। अब दूसरी छमाही में निवेश की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी है। ओडिशा के कलिंगानगर संयंत्र में चल रहे विस्तार कार्यों को तेज किया जाएगा। इसके साथ ही जमशेदपुर और मेरामांडली संयंत्रों की तकनीकी क्षमता मजबूत करने पर भी निवेश बढ़ाया जाएगा।

7,000 करोड़ रुपये की लागत बचत का लक्ष्य

टाटा स्टील ने पूरे वित्त वर्ष के दौरान 7,000 करोड़ रुपये की लागत बचत का लक्ष्य तय किया है। कंपनी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। टीवी नरेंद्रन ने बताया कि वित्त वर्ष की पहली छमाही में उत्पादन की मात्रा में कुछ उतार-चढ़ाव के कारण लागत बचत की रफ्तार थोड़ी धीमी रही। इसके बावजूद कंपनी सालाना लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।

विज्ञापन

उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन पहली छमाही के मुकाबले काफी बेहतर रहेगा। स्टील की कीमतों में सुधार और घरेलू मांग बढ़ने से कंपनी को इसका फायदा मिलने की संभावना है।

ब्रिटेन में ग्रीन स्टील तकनीक से बनेगा नया संयंत्र

टाटा स्टील यूरोप में अपने कारोबार का पुनर्गठन भी कर रही है। इसके तहत ब्रिटेन के पोर्ट टालबोट में ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस स्थापित किया जा रहा है। कंपनी ने इस परियोजना को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
हालांकि, संयंत्र को ग्रिड से बिजली की आपूर्ति मिलने में देरी का मुद्दा सामने आया है। इसे लेकर कंपनी ब्रिटिश सरकार के साथ बातचीत कर रही है। इस परियोजना के पूरा होने से ब्रिटेन में कंपनी के इस्पात उत्पादन को नई तकनीक के आधार पर आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

नीदरलैंड संयंत्र को लेकर सरकार से बातचीत जारी

नीदरलैंड स्थित टाटा स्टील के संयंत्र के आधुनिकीकरण और पुनर्गठन को लेकर भी काम चल रहा है। इस संबंध में वहां की सरकार के साथ गैर-बाध्यकारी आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) की समय सीमा बढ़ाकर एक मार्च कर दी गई है।
टीवी नरेंद्रन ने भरोसा जताया कि वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियों के बावजूद टाटा स्टील की घरेलू बाजार में स्थिति मजबूत है। कंपनी की वित्तीय स्थिरता भी सुरक्षित है। घरेलू खपत में बढ़ोतरी, स्टील की कीमतों में सुधार और विस्तार योजनाओं से आने वाले समय में कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें