Ranchi News: रांची में युवा राजद ने दसवीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले करीब 50 छात्रों को सम्मानित किया। समारोह में छात्रों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र दिए गए। नेताओं ने इसे प्रतिभा प्रोत्साहन की पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।
झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय में शनिवार को प्रदेश युवा राजद द्वारा मेधावी छात्रों के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 10वीं बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले लगभग 50 विद्यार्थियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने की पहल
इस आयोजन की खास बात यह रही कि युवा राजद ने पहली बार इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने की पहल की। समारोह के दौरान छात्रों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यार्थियों को सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश युवा राजद के अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए प्रतिबद्ध रही है। ऐसे आयोजनों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।
पार्टी ने हर संभव मदद का ऐलान किया
वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं देश और राज्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कॉलेज में नामांकन के दौरान छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और पार्टी हर संभव सहयोग करेगी। सम्मानित छात्रों में सौम्या यादव, सोनाली यादव, रुचि यादव, अमन कुमार सहित कई अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे। सभी विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता क्षितिज मिश्रा ने किया। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।