झारखंड के सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टायो कॉलोनी में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब फ्लैट संख्या जी-2 से तेज दुर्गंध आने लगी। आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मियों को इसकी सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो सामने आया भयावह दृश्य
सूचना मिलने पर टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति गंभीर पाते हुए गम्हरिया थाना को जानकारी दी। पुलिस टीम जब फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई, तो वहां का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। फ्लैट के भीतर एक व्यक्ति की लाश बेहद निर्मम हालत में पड़ी हुई थी।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान रामानाथ दास के रूप में हुई है, जो पूर्व में टाटा ग्रोथ शॉप में कर्मचारी रह चुके थे और वर्तमान में ईएसएस पर थे। वह इसी फ्लैट में अपने पुत्र मनसा दास के साथ रहते थे, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
नृशंस हत्या के स्पष्ट संकेत
पुलिस के अनुसार, शव नग्न अवस्था में पाया गया। मृतक का लिंग कटा हुआ था और चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ मिला। शव की हालत देखकर साफ प्रतीत होता है कि हत्या बेहद नृशंस और क्रूर तरीके से की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पढ़ें- Jharkhand News: झारखंड भाजपा को मिलने जा रहा नया अध्यक्ष, आदित्य साहू का निर्विरोध चयन लगभग तय
पुत्र हिरासत में, जांच जारी
घटना के बाद पूरे टायो कॉलोनी क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मृतक के पुत्र मनसा दास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुत्र पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के कारणों और घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।