फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: बसंत सोरेन के निधन की खबर निकली भ्रामक, सिंगापुर के अस्पताल में भर्ती; मिलने जा सकते हैं सीएम हेमंत

Wed, 21 Oct 2026 01:36 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड के दुमका से झामुमो विधायक बसंत सोरेन के निधन की सोशल मीडिया पर वायरल खबर को पार्टी के दुमका कार्यालय ने गलत और भ्रामक बताया है। पार्टी के अनुसार, बसंत सोरेन जीवित हैं और गंभीर हालत में सिंगापुर के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
विज्ञापन
बसंत सोरेन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के दुमका विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक बसंत सोरेन के निधन की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि, झामुमो के दुमका कार्यालय ने इस खबर को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि बसंत सोरेन जीवित हैं और उनका सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। तबीयत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पार्टी ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के इस तरह की खबरों को सोशल मीडिया पर साझा न करें। झामुमो कार्यालय ने चेतावनी दी है कि विधायक के निधन की झूठी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। पार्टी का कहना है कि ऐसी खबरों से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है।

मां के श्राद्धकर्म में शामिल नहीं हो सके बसंत सोरेन

बसंत सोरेन की मां और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन के बाद उनके श्राद्धकर्म का आयोजन किया गया। हालांकि, सिंगापुर के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती होने के कारण बसंत सोरेन इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। परिवार की ओर से श्राद्धकर्म की सभी जरूरी रस्में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी कीं। स्वर्गीय रूपी सोरेन की अस्थियों का विसर्जन भी किया जा चुका है।

भाई का हाल जानने सिंगापुर जा सकते हैं हेमंत सोरेन

परिवार में इस दुखद घटना के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी भी संभालते रहे। अब खबर है कि वह अपने भाई बसंत सोरेन का हाल जानने और उनसे मिलने के लिए जल्द ही सिंगापुर रवाना हो सकते हैं। हालांकि, उनके सिंगापुर जाने को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

झामुमो की अपील- आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें

बसंत सोरेन की सेहत को लेकर झामुमो की ओर से फिलहाल यही जानकारी दी गई है कि उनका सिंगापुर में इलाज चल रहा है और वह आईसीयू में भर्ती हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर फैल रही निधन की खबरों को गलत बताया है। झामुमो ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी खबर पर भरोसा करने या उसे आगे साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। पार्टी के अनुसार, बसंत सोरेन के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें