झारखंड की राजधानी रांची में घर में घुसकर 25 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन अज्ञात युवकों ने घर में अकेली महिला को निशाना बनाया और बारी-बारी से दुष्कर्म करने के बाद फरार हो गए। घटना 19 नवंबर की रात तुपुदाना ओपी क्षेत्र में हुई थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रात 8:30 बजे घर में घुसे तीन अज्ञात युवक
पुलिस के अनुसार, घटना के समय महिला अपने घर में अकेली थी। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुस आए। इसके बाद तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
मेडिकल जांच कराई गई, आरोपियों की तलाश जारी
तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत सिंह ने बताया कि महिला ने सोमवार को पुलिस से शिकायत की थी। इसके आधार पर तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई गई है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।