दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल ने 12 से 18 नवंबर तक 16 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द कर दिया है। रेलवे प्रशासन ने गारपोस-धुतरा स्टेशनों के बीच ट्रैक रिन्यूअल ट्रेन (टीआरटी) मशीन ब्लॉक और राजगांगपुर-धुतरा रेलखंड में टेम्पिंग मशीन ब्लॉक के कारण यह निर्णय लिया है। बुनियादी ढांचे के विकास और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न जरूरी तकनीकी कार्यों को पूरा करने के लिए रेल प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
दैनिक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
गाड़ियों का परिचालन ठप रहने से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन करने वाले दैनिक यात्री मुख्य रूप से इन्हीं मेमू और पैसेंजर गाड़ियों से यात्रा करते हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति अवश्य जांच लें। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा और बेहतर सुविधा विस्तार के इस कार्य में यात्रियों से पूर्ण सहयोग की अपील की है।
रद्द रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
रद्द रहने वाली प्रमुख गाड़ियों में ट्रेन संख्या 68019/68020 टाटानगर-गुवा-आदित्यपुर मेमू, ट्रेन संख्या 68137 टाटानगर-चाईबासा मेमू तथा ट्रेन संख्या 68138 चाईबासा-टाटानगर मेमू शामिल हैं। इसके अलावा रेलवे ने ट्रेन संख्या 68003/68004 टाटानगर-गुवा-टाटानगर मेमू, ट्रेन संख्या 18019/18020 झाड़ग्राम-पुरुलिया-झाड़ग्राम मेमू और ट्रेन संख्या 68044/68043 राउरकेला-टाटानगर-राउरकेला मेमू का संचालन भी पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है।
साथ ही, ट्रेन संख्या 68029/68030 राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू, ट्रेन संख्या 58659 हटिया-राउरकेला पैसेंजर, ट्रेन संख्या 58660 राउरकेला-हटिया पैसेंजर और ट्रेन संख्या 58151/58152 बीरमित्रपुर-बरसुआं-बीरमित्रपुर पैसेंजर भी 12 से 18 नवंबर तक पटरियों पर नहीं दौड़ेंगी।