सार
Jharkhand: मंगलवार को रखरखाव और तकनीकी कार्यों के कारण कई इलाकों में बिजली कटौती होगी। लालपुर, चुटिया, मोरहाबादी, बारीडीह, ओरमांझी और अशोकनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से शाम तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
राजधानी रांची में मंगलवार को बिजली व्यवस्था से जुड़े विभिन्न रखरखाव और तकनीकी कार्य किए जाएंगे। पुराने जर्जर तारों को बदलने, एबी केबल लगाने, ट्रांसफॉर्मर से संबंधित कार्य और सड़क किनारे पेड़ों की डालियों की छंटाई के कारण शहर के कई इलाकों में निर्धारित समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग के अनुसार, अधिकांश कार्य आरडीएसएस योजना के तहत किए जाएंगे।
लालपुर और पथलकुदुआ क्षेत्र में 33 केवी लाइन में एचटी तार लगाने का काम होगा। इसके कारण पथलकुदुआ चौक से गुड़िया पेट्रोल पंप चौक होते हुए नया टोली तक 11 केवी लाइन की बिजली सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। वहीं, लालपुर फीडर के कोकर डिवीजन कार्यालय और बैंक कॉलोनी क्षेत्र में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
न्यू मोरहाबादी फीडर के बनिया टोली नीचे बस्ती, बोडिया रोड और आसपास के क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर बंद रहने के कारण सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। आरके मिशन फीडर के सत्तार कॉलोनी के पास आलम हॉस्पिटल क्षेत्र में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विद्युत कार्य किया जाएगा।
चुटिया क्षेत्र में एलटी लाइन को एबी केबल में बदला जाएगा। इसके कारण कृष्णापुरी फीडर के पावर रोड, चुटिया विद्युत उपकेंद्र के आसपास, चुटिया थाना क्षेत्र और छठ तालाब के पास धूमसा टोली में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। द्वारिकापुरी रोड नंबर-2 में भी विद्युत कार्य के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। कोकर फीडर के चूनाभट्ठा क्षेत्र में तिरिल रोड स्थित आदर्श विद्यालय के पास ट्रांसफॉर्मर बंद रखा जाएगा।
ओरमांझी विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के तहत 33 केवी रुक्का-पीएचईडी लाइन पर पेड़ों की डालियों की छंटाई और रखरखाव का कार्य होगा। इससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।
पढ़ें: रिजल्ट से पहले 267 अभ्यर्थियों का डाटा लीक, सीआईडी ने दाखिल किया आरोप पत्र
बारीडीह फीडर के बारीडीह चौक और पावर हाउस-चायबगान क्षेत्र में आरडीएसएस योजना के तहत स्टैंगिंग और बॉक्स फिटिंग का कार्य होगा। यहां सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक एक ट्रांसफॉर्मर बंद रहेगा। कुच्चू फीडर के मंडरो टांड़ क्षेत्र में भी इसी तरह का कार्य किया जाएगा। यहां सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
अशोकनगर विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल में पेड़ों की डालियों की छंटाई के कारण सुबह 9 बजे से 10 बजे तक अलकापुरी, न्यू पुंदाग, भगतकोचा, डिबडीह और आसपास के इलाकों में बिजली बंद रहेगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक महावीर नगर फेस-1, एसपी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित बिजली कटौती के समय को ध्यान में रखते हुए बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरा कर लें। विभाग ने कहा है कि रखरखाव और तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।