Jharkhand: रांची के चुटिया में गृहप्रवेश समारोह के दौरान पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने थार वाहन से युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र में थार वाहन से कुचलकर एक युवक की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त थार रॉक्स वाहन को जब्त कर लिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस ने गिरफ्तारी को लेकर क्या बताया?
इस संबंध में चुटिया थाना कांड संख्या 22/26, दिनांक 12 फरवरी के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 103(1) और 61(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मृतक धर्मेन्द्र कुमार के पिता रामाश्नय शर्मा (65), निवासी रिवर व्यू कॉलोनी, हटिया के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है।
पैसे के लेन देन को लेकर हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को अमरावती कॉलोनी, चुटिया में आयोजित एक गृहप्रवेश कार्यक्रम के दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर धर्मेन्द्र और आरोपी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर काले रंग की थार रॉक्स को तेज गति से चलाते हुए धर्मेन्द्र को कुचल दिया। इस घटना में छह अन्य लोग भी घायल हो गए।
घटना के बाद फरार हो गया था आरोपी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार रॉक्स वाहन और एक सैमसंग स्मार्टफोन भी जब्त किया है। बताया गया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।