झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। युवक को रस्सी से बांधकर मारपीट की गई।
झारखंड के पलामू जिले में मॉब लिंचिंग की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बुरी तरह पीट दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात तेलियाही गांव में एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान गांव के लोगों ने एक युवक को चोरी करते देख लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
विज्ञापन
रस्सी से बांधकर की गई मारपीट
ग्रामीणों ने युवक को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
युवक की हालत बहुत गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। रविवार सुबह करीब 8 बजे घटना की पुष्टि की गई। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है।