झारखंड के पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में गुरुवार देर रात अपराधियों ने खुलेआम गोलीबारी कर एक युवक की हत्या कर दी। शहर थाना क्षेत्र के शताब्दी मार्केट में हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
बाजार में घुसकर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
मृतक की पहचान कुंड मोहल्ला निवासी मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शहर के मुस्लिम नगर निवासी फैज खान अपने साथियों के साथ बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट पहुंचा और समीर को देखते ही उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से बाजार इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल समीर को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और गवाही से जोड़कर देख रही है। बताया जा रहा है कि मृतक समीर झामुमो नेता लाडले हसन उर्फ लड्डू खान हत्याकांड का मुख्य गवाह था। आरोपी फैज खान पहले भी लड्डू खान हत्या मामले में जेल जा चुका है और समीर उसी केस में गवाह था। पुलिस को आशंका है कि अदालत में गवाही देने से रोकने के लिए ही इस वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है।
ये भी पढ़ें: Bihar News: मौत से जंग लड़ रहे नेशनल खिलाड़ी से मिलने पहुंचीं मंत्री श्रेयसी सिंह, अपराधियों ने मारी थी गोली
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी फैज खान समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।