देवघर के रांगा मोड़ के पास गोली लगने से घायल 27 वर्षीय रोशन कुमार की सदर अस्पताल में मौत हो गई। साथी उसे सड़क हादसे में घायल बताकर अस्पताल लाया था। चिकित्सक की जांच में गोली के निशान मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवघर नगर थाना क्षेत्र के रांगा मोड़ के पास सोमवार देर रात गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय युवक की सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के गोडियारी निवासी रोशन कुमार के रूप में हुई है। शुरुआत में युवक को सड़क दुर्घटना में घायल बताकर सदर अस्पताल लाया गया था। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक की जांच में उसकी आंख के पास और सिर के पिछले हिस्से में गोली लगने के निशान मिले। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
वह बाइक चलाते हुए वार्ड के अंदर आठ नंबर कक्ष के पास स्थित ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गया। अस्पताल परिसर के भीतर इस तरह बाइक ले जाने से वहां मौजूद लोगों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
चिकित्सक की जांच में सामने आए गोली लगने के निशान
अस्पताल पहुंचने पर घायल को बाइक से लाने वाले उसके साथी ने स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सक को बताया कि रोशन सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। हालांकि, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जब उसके शरीर की जांच की, तो आंख के पास और सिर के पिछले हिस्से में गहरे जख्म मिले। ये निशान गोली लगने के प्रतीत हुए। जांच के बाद चिकित्सक ने रोशन को मृत घोषित कर दिया। इसके तुरंत बाद बैद्यनाथधाम ओपी को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी।