फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jharkhand: माओवादियों पर सबसे बड़ा शिकंजा, 3 इनामी नक्सली गिरफ्तार, AKM-47 समेत भारी हथियारों का जखीरा बरामद

Thu, 06 Aug 2026 08:23 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के तीन सक्रिय एवं इनामी उग्रवादियों को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
जानकारी देते पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के तीन सक्रिय एवं इनामी उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे और निशानदेही पर AKM-47 रायफल, इंसास रायफल, 9 एमएम पिस्टल, 403 जीवित कारतूस, कोडेक्स वायर, वॉकी-टॉकी समेत बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

गुप्त सूचना पर उदयपुर गांव में हुई पहली गिरफ्तारी

सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि 4 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में एक सक्रिय माओवादी मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। अभियान के दौरान प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर को एक लोडेड AKM-47 रायफल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के बाद दो और माओवादी दबोचे गए

रवि सिंह सरदार से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा गांव में छापेमारी की। यहां से भाकपा (माओवादी) के रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो तथा सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया।

दलमा के आसनबनी क्षेत्र से बरामद हुई लूटी गई इंसास रायफल

गिरफ्तार माओवादियों की निशानदेही पर पुलिस ने दलमा के आसनबनी क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान पहले लूटी गई एक इंसास रायफल और बड़ी संख्या में अतिरिक्त जीवित कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा AKM-47 रायफल, 9 एमएम पिस्टल, 403 जीवित कारतूस, कोडेक्स वायर, वॉकी-टॉकी तथा अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई।

कई नक्सली वारदातों में रही संलिप्तता

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों माओवादी लंबे समय से संगठन के सक्रिय सदस्य थे। उनकी संलिप्तता क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं, पुलिस बलों पर हमलों तथा हथियार लूट की वारदातों में रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई नक्सली घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है।

अन्य माओवादियों की तलाश में अभियान जारी

पुलिस का कहना है कि सरायकेला-खरसावां और आसपास के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर संगठन के अन्य सदस्यों की तलाश में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें