झारखंड के लोहरदगा जिले में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पीड़िता के परिवार को धमकी देने के आरोप में कुडू प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि प्रखंड प्रमुख के बेटे ने नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद मामले को दबाने और प्राथमिकी वापस लेने के लिए पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाया गया। पुलिस ने इस मामले में प्रखंड प्रमुख के बेटे और उनके वाहन चालक को भी नामजद किया है। दोनों फिलहाल फरार हैं।
केस वापस लेने का दबाव, परिवार को दी धमकी
पीड़िता के पिता की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, प्रखंड प्रमुख के बेटे ने नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद बच्ची गर्भवती हो गई। आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद प्रखंड प्रमुख मुन्नी देवी और उनके वाहन चालक ने पीड़िता के परिवार पर प्राथमिकी वापस लेने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
परिवार की ओर से बात नहीं मानने पर उन्हें जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस से शिकायत की।
बेटा और चालक की तलाश में छापेमारी
थाना प्रभारी नीरज झा ने प्रखंड प्रमुख की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने प्राथमिकी और शुरुआती जांच के आधार पर प्रखंड प्रमुख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके बेटे और वाहन चालक की तलाश जारी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।