लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र में नंगे बिजली तार की चपेट में आने से एक वयस्क जंगली हाथी की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के झुंड के घर में घुसकर अनाज खाने से नाराज एक ग्रामीण ने घर के आसपास नंगे बिजली तार का जाल बिछाया और उसमें करंट दौड़ा दिया। वन विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
घर में घुसे हाथियों ने अनाज खाया तो ग्रामीण ने बिछाया करंट का जाल
ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले हाथियों के झुंड ने बीफा उरांव के घर को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखा अनाज खा लिया था। इसके बाद गुस्साए बीफा ने कथित तौर पर अपने घर के आसपास नंगे बिजली तार का जाल बिछा दिया। रविवार देर रात करीब 15-16 हाथियों के झुंड के गांव के आसपास पहुंचने की सूचना मिलने पर उसने तार में करंट दौड़ा दिया और खुद घर से कुछ दूरी पर कोमर डैम के समीप जाकर छिप गया।
झुंड के बीच करंट की चपेट में आया वयस्क हाथी
इसी दौरान झुंड में शामिल एक वयस्क हाथी नंगे बिजली तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना पर हाथी भगाओ दल भी मौके पर पहुंचा था। झुंड को भगाने के दौरान दल के सदस्यों की नजर मृत हाथी पर पड़ी।
हाथियों ने कई गांवों में मचाया उत्पात, फसलें भी बर्बाद
वन समिति के अध्यक्ष सुनील उरांव ने बताया कि हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से कोमर और आसपास के गांवों में लगातार उत्पात मचा रहा है। हाथियों ने कई ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले एक माह के दौरान लवलेश सिंह की करीब पांच एकड़ में लगी सब्जी की फसल भी हाथियों ने बर्बाद कर दी। ग्रामीणों ने फसल क्षति के अनुरूप मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की है।
पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वनरक्षी कैलाश कुमार ने बताया कि मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
2022 और 2023 में भी हुई थी हाथियों की मौत
वन विभाग के अनुसार, वर्ष 2022 में रेन्ची जंगल और 2023 में गणेशपुर के बघौता में भी हाथियों की मौत हुई थी। हालांकि, बालूमाथ क्षेत्र में बिजली के करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत की यह पहली घटना बताई जा रही है।