फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jharkhand: JPSC-JSSC आंदोलन में 5 और छात्र भूख हड़ताल पर, शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर निकला शांति मार्च

Tue, 04 Aug 2026 10:23 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में चल रहा छात्र आंदोलन 11वें दिन और तेज हो गया। आंदोलन को और मजबूती देते हुए पांच और छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए, जबकि जेएलकेएम के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो का आमरण अनशन तीसरे दिन में पहुंच गया।
विज्ञापन
JPSC-JSSC आंदोलन निर्णायक मोड़ पर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्र आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 11वें दिन पांच और छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। इसके साथ ही सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर दबाव और बढ़ गया है। आंदोलनकारी साफ कह रहे हैं कि जब तक निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विज्ञापन


पांच और छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे

इससे पहले जेएलकेएम के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो भी छात्रों के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठे हैं। मंगलवार को उनका अनशन तीसरे दिन में पहुंच गया। मंगलवार शाम से राहुल क्रांति, रूपेश कुमार, अर्चना कुमारी, सबिता कुमारी और उम्मे हबीबा ने भी भोजन और जल त्यागकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की है।

CBI और ED जांच की मांग पर अड़े छात्र

छात्रों ने स्पष्ट कहा कि जब तक JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और अनियमितताओं की सीबीआई और ईडी से निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। छात्रों का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
विज्ञापन


शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर निकाला शांति मार्च

झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आंदोलनकारी छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। धरना स्थल से फिरायालाल चौक तक शांति मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। मार्च के दौरान "शिबू सोरेन अमर रहें" के नारे लगाए गए और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया गया।

राष्ट्रगान के साथ आंदोलन जारी रखने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों ने राष्ट्रगान गाया और लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर न्यायपूर्ण निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका सत्याग्रह, धरना और भूख हड़ताल लगातार जारी रहेगी।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें