पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी
- फोटो : सोशल मीडिया
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने दुर्गापूजा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने वाले पुलिसकर्मियों को चार दिन की अतिरिक्त छुट्टी यानी प्रिविलेज लीव देने की घोषणा की है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी परिस्थिति में अपना निर्धारित पोस्ट न छोड़ें।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पलामू पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। निर्देशों के अनुसार, शाम चार बजे से रात 12 बजे तक सभी पुलिस जवान अपने निर्धारित पूजा पंडालों में तैनात रहेंगे। विसर्जन के दौरान किसी भी विवाद या अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक ने जवानों को अपने आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित थाने को देने का निर्देश दिया है। आपात स्थिति में त्वरित समन्वय के लिए वायरलेस पर तैनात कर्मियों को भी सक्रिय रहने को कहा गया है। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिसकर्मी लगातार गश्त करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर हेलमेट का इस्तेमाल करेंगे।
शोल्डर ब्लिंकर और भोजन की व्यवस्था
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने रविवार शाम शहर थाना परिसर में 50 पुलिसकर्मियों को शोल्डर ब्लिंकर प्रदान किए। ये चार्जेबल ब्लिंकर एक बार चार्ज करने पर पांच घंटे तक काम करेंगे। इससे रात में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की पहचान और दृश्यता बेहतर होगी। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए शहर थाना परिसर में दो दिनों तक भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई है।