झारखंड की राजधानी रांची में नगर निकाय चुनावी सरगर्मियों के बीच पुलिस ने धनबल के खेल पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को कटहल मोड़ के पास चलाए गए एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। एक संदिग्ध वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस की टीम दंग रह गई, जब वहां से 9 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने बिना किसी देरी के पूरी राशि अपने कब्जे में ले ली।
झारखंड में 23 फरवरी को होना है नगर निकाय चुनाव
झारखंड में 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव होने हैं, जिसके चलते पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार इस दौरान एक निश्चित सीमा से अधिक नकद राशि साथ लेकर चलना प्रतिबंधित है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए रात के अंधेरे में भी सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा।