खुदकुशी से पहले किशोरी की प्रेमी से हुई थी चैटिंग
झारखंड के कोडरमा जिले में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। परिवार का दावा है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी रद्द होने के बाद वह काफी तनाव में थी और इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार रात तिलैया थाना क्षेत्र के चित्रगुप्त नगर में हुई।
पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय छात्रा अपने कमरे में अकेली थी। रात में जब परिवार ने उसे खाने के लिए बुलाया तो काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो छात्रा दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
छात्रा के पिता ने बताया कि उसने 3 मई को नीट-यूजी परीक्षा दी थी और उसे अपने अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। लेकिन परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद वह काफी परेशान रहने लगी थी। उसे डर था कि दोबारा होने वाली परीक्षा पहले से ज्यादा कठिन हो सकती है। पिता ने बताया कि हमने कई बार उसे समझाया था। वह फिर से तैयारी में जुट गई थी और नियमित रूप से ऑनलाइन टेस्ट भी दे रही थी।
पढ़ें: अभिषेक बनर्जी पर अंडा फेंकने की घटना ‘नाटक’ जैसी लगी, बाबूलाल मरांडी बोले; बंगाल सीएम की तारीफ की
उन्होंने बताया कि रविवार शाम भी वह ऑनलाइन टेस्ट दे रही थी। रात में जब खाने के लिए बुलाया गया और कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार को चिंता हुई। दरवाजा तोड़ने पर उसका शव मिला। परिवार मूल रूप से बिहार के नवादा जिले का रहने वाला है। मृतक छात्रा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। गौरतलब है कि 12 मई को पेपर लीक के आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी को रद्द कर दिया था। इसकी दोबारा परीक्षा 21 जून को प्रस्तावित है। मामले की जांच कर रही सीबीआई अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।