झारखंड में दो अलग-अलग जिलों से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। पलामू जिले में एक युवक को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगा है। इस वारदात में महिला के साथ मृतक के चाचा की भी संलिप्तता बताई जा रही है। फिलहाल, दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पलामू में पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, पलामू जिले के पिपराटांड़ इलाके के रहने वाले 21 वर्षीय सतीफ अंसारी को अपनी पत्नी रुकेजा खातून की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पति-पत्नी में हुआ था विवाद
लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि दंपती के बीच रोजगार की तलाश में दूसरे स्थान पर जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान सतीफ ने पहले पत्नी की पिटाई की, फिर उसे जबरन कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को रस्सी से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने जांच के दौरान मामले का खुलासा किया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
पश्चिमी सिंहभूम में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप
दूसरी घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंजहरी थाना क्षेत्र के कुंदुरगुटू गांव की है। यहां 27 वर्षीय लक्ष्मण बिरुआ का शव एक तालाब से बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि लक्ष्मण बिरुआ की पत्नी और उसके चाचा गंगा राम बिरुआ ने मिलकर उसकी हत्या की। हत्या के बाद शव को पत्थर से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया, ताकि घटना छिपाई जा सके। परिजनों का यह भी आरोप है कि मृतक की पत्नी और उसके चाचा के बीच अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर लक्ष्मण बिरुआ नाराज रहता था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।
ये भी पढ़ें-
JPSC विवाद पर पूर्व अध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 14वीं परीक्षा ही नहीं, पुरानी भर्तियों की भी हो जांच
अवैध संबंध के आरोप की जांच जारी
पुलिस ने पूछताछ के लिए गंगा राम बिरुआ के एक मित्र को हिरासत में लिया है। चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन तुती ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी और उसके चाचा के बीच अवैध संबंध की जानकारी पुलिस को भी मिली है, लेकिन इसकी पुष्टि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी। पुलिस दोनों मामलों में साक्ष्य जुटाने के साथ फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।