झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में अभ्यर्थियों और छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को आंदोलन का दसवां दिन रहा, जबकि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन का छठा दिन पूरा हुआ। छात्रों की मांगों को लेकर अब विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है।
देवेंद्र महतो दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर डटे
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र महतो छात्रों के समर्थन में दूसरे दिन भी आमरण भूख हड़ताल पर बैठे रहे। उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ वह शुरू से आवाज उठाते रहे हैं। उनका दावा है कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए उन्हें पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ीं, लेकिन उन्होंने कभी पीछे हटने का फैसला नहीं किया।
'छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा'
देवेंद्र महतो ने कहा कि जब तक छात्रों की सभी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा, "यदि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए मुझे अपना बलिदान भी देना पड़े, तो मैं उससे भी पीछे नहीं हटूंगा।"
बारिश से बढ़ीं आंदोलनकारियों की मुश्किलें
रांची में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने धरना स्थल पर बैठे छात्रों की परेशानी और बढ़ा दी है। धरना स्थल पर कई जगह पानी जमा हो गया है, जिससे प्रदर्शनकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि खराब मौसम के बावजूद छात्रों का उत्साह कम नहीं हुआ है। आंदोलनकारी लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं और अपनी मांगों पर अडिग हैं।
'अब तक सरकार का कोई प्रतिनिधि मिलने नहीं आया'
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि अब तक राज्य सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा है। उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। छात्रों ने कहा कि जब तक राज्य सरकार मामले की निष्पक्ष जांच की अनुशंसा नहीं करती और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार से जल्द वार्ता की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों ने राज्य सरकार से जल्द बातचीत कर समाधान निकालने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि सरकार यदि निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा देती है, तभी आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।